Sunday, January 14, 2018

तो राजस्थान के मुख्यमंत्री जोधपुर महाराजा होते

26 जनवरी 1952 के प्रथम आम चुनाव का वक्त था | उस समय मतगणना के दौरान चल रहा था | जोधपुर महाराजा हनवंत सिंह जी हवाई जहाज से विभ्भिन जगहों का दौरा कर रहे थे | उस दौरान ही आहोर विधानसभा की ओर अपने हवाई जहाज से जा रहे थे, उसी समय सुमेरपुर-शिवगंज के बीच जवाई नदी में उनका विमान टेलिफोन के तारो से टकराने के कारण दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे गिर गया और विमान में आग लग गई | जिससे महाराजा साहब आग की लपटों में गिर गये और उनका प्राणांत हो गया | कहते हैं हैं कि ये कीसी प्रकार का धोखा था उनके साथ, वरना महाराजा साहब विमान चालन में बडे़ कुशल थे | क्योंकि उससे पहले 30 मार्च 1949 को सरदार पटेल के जयपुर आने के समय उन्होंने ही वायुयान में खराबी आने पर बडी़ कुशलता से नदी के पेटे में उतारा था | महाराज हनवंत सिंह जी की आम जनता में कैसी लोकप्रियता थी इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता हैं कि महाराजा साहब ने प्रथम आम चुनाव में मारवाड के 4 संसदीय क्षेत्र की 35 सीटों पर अपने उम्मीदवार खडे कीये और 'मैं थासूं दूर नहीं' का नारा देकर जनता के बीच में आये, जनता ने उनके 35 में से 31 उम्मीदवारों को जीताकर यह विश्वास जताया कि मारवाड की जनता के दिलों में आज भी महाराज साहब राज करते हैं |उस चुनाव में महाराजा साहब स्वयं भी जय नारायण व्यास को हराकर चुने गये | जोधपुर विधानसभा चुनाव में महाराजा को 11,786 मत मिले जबकि जय नारायण व्यास को 3,159 मत ही मिले | इस चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि मारवाड़ क्षेत्र में महाराजा हनवंत सिंह जी ही सबसे अधिक जनप्रिय थे | अपने जनप्रिय राजा को खोने से मारवाड़ की जनता बेहद दुखी थी | कहते हैं कि महाराजा के निधनोपरांत जोधपुर सहित पुरे मारवाड में तीन दिन सभी जगहों के बाजार बंद रहे | मारवाड भर में लोगो ने अपने प्रिय के प्रति शोक जताते हुए सिर मुंडवाये और रंगीन साफे की जगह सफेेद व शोकिया रंग के साफे बांधे  | महाराजा के निधन से मारवाड के परंपरागत नेतृृत्व में शुन्यता दिखाई देने लगी | महाराजा हनवंत सिंह के स्वर्गवास के पश्चात उनके पुत्र गज सिंह जी का राजवंश की परंपरा अनुसार 4वर्ष की अवस्था में 12 मई 1952 को राजतिलक हुआ | जो वर्तमान में जोधपुर के पुर्व नरेश हैं | कहा जाता हैं कि यदि महाराजा हनवंत सिंह का उस समय निधन नहीं होता तो राजस्थान के मुख्यमंत्री होते |
--------
🖋 दीप सिंह दूदवा

आज की मकर संक्रांति के मायने

छुट देकर पुंछ वाली पतंग को उडा़ना
हवा नहीं होने पर पहाडी़ पर चढ़ जाना
आखि़र पहाडी़ कीसको पसंद नहीं थी
पहाडी़ का नाम सुनकर ही दर्जनों दोस्त का
पतंग को छुट देने के लिए भागे चले आना
पहाडी़ की चोटी से पतंग को उडाना
तेज हवा में उसका फट जाना
और फटने के बाद थोर के चिपचिपे सफेद दूध से उसे छिपकाना
बहुत आनंददायक होता था
पतंग के टूटने पर दर्जनों दोस्तों का उसके पिछे टूट पड़ना
और चंद सैकंडो़ में पतंग का अपहरण कर ले आना
पतंग के चक्कर में पहाड़ से उनका
फिसलना
गिरना
घुटनों से खुन का झरने की भांति बहना
पर,
कीसी से कीसी का कोई गिला-शिकवा नहीं
सुबह से शाम तक केवल और केवल पहाडी़ पर भागते रहना
बस ! केवल और केवल कुछ बेर और पानी के सहारे
न भुख
न प्यास
 न थकान
 न शिकायत
यही तो था सुनहरा बचपन
आज जब जवानी की इस उम्र में बचपन में झांकते हैं
तो, वे सुनहरे दिन आंसु टपका जाते हैं
दोस्ती के सच्चे मायने ही कुछ ओर थे
स्वार्थ का नामो निशां नहीं था
सब तरफ स्वर्ग ही स्वर्ग था
आज जब लोग कहते हैं
कि आज मकर संक्रांति हैं
तो, अजीब सी हंसी होठो पर आ जाती हैं
और वो हँसी एक सवाल खडा़ कर जाती हैं
क्या यही मकर संक्रांति हैं ?
🖋 दीप सिंह दूदवा


Saturday, January 13, 2018

तब इंसान ही इंसान को खाने को हुआ था मजबुर

1899 का विभत्स काल
" छप्पना रो काळ अर मारवाड री दशा "
------
प्रकृति के प्रकोप को मनुष्य सदियों-सदियों से ही झेलता आया हैं | इसका असर कभी कम तो कभी-कभी क्षेत्र के सम्पुर्ण जनजीवन को मौत के मुंह तक ले जाना वाला रहा हैं |
ऐसा ही प्रकृति का प्रकोप सन् 1899 में हुआ था | जिसे 'छप्पना रो काळ' कहा जाता हैं | आज भी उस काळ में हुई दशा के बारे में सुनाने वाले बुजुर्ग कांपने लगते हैं | क्योकि उनके बाप-दादा जो उस काळ के प्रकोप से येन-केन प्रकारेण बच गये थे, वो उन्हें काळ में हुई दशा के बारे में बताते थे |
इस वर्ष उत्तरी भारत के अन्य प्रांतो में भी घोर अकाल था | सामान्यत: मारवाड के लोग विशेषकर कृषक व पशुपालक अपने परिवार व पशुओ सहित अकाल के समय मालवा, उत्तर प्रदेश व सिंध की ओर चले जाते थे | लेकिन इस वर्ष यहां भी अकाल था, अतः इन्हें निराश होकर वापस लौटना पडा़ | लगभग चौदह लाख मवेशी मर गये, जो यहां के मवेशीयों की आधी संख्या थी | राज्य सरकार ने काफी चारा व धान बाहर से मंगवायां, लेकिन यातायात की पर्याप्त सुविधाएं न होने के कारण काफी मवेशी व मनुष्य मर गये | कहा जाता हैं कि इस काळ का इतना प्रकोप हुआ की झोपडी से लेकर महल के निवासी सडको पर आ गये और दानें-दानें के मोहताज हो गये | ये काल सब से लिए आफत भरा था | राज्य सरकार ने इस वर्ष लगभग सवा छत्तीस लाख खर्च कीये | राज्य ने अकाल के समय तथा उसके बाद के प्रभाव को दूर करने के लिए अंग्रेजी सरकार से तीस लाख रूपये का कर्जा लीया था | राज्य की आर्थिक स्थति काफी गिर गई | मंहगाई लगभग 25 प्रतिशत तक बढ गई थी | जोधपुर शहर में 25 अगस्त, 1899 को अनाज के भाव इस प्रकार हो गये- गेहूं 6सेर , बाजरी 6.5 सेर, जवार 8सेर, मूंग 4 सेर व घास 11 सेर तक हो गई थी | भयंकर अकाल के कारण जोधपुर में लूटखसोट चालू हो गई थी | इस कारण सभी महकमों की तिजोरियां महकमा खास में रखवाई गई थी | और इस तरह मई-जून 1900 में गर्मी की अधिकता के कारण तथा अकाल से कमजोर हुएं लोगो को हैजा का शिकार होना पडा़ | हजारो लोग हैजे के कारण मर गये | इस वर्ष वर्षा भी अधिक हुई व खेतो में फसलें भी अच्छी हुई, लेकिन फसल काटने वाले ही नही थे | इसलिए इस वर्ष भी धान की कमी रही | अकाल, हैजा व मलेरिया के प्रकोप के कारण 1901 की जनगणना के अनुसार यहां की आबादी 19,38,565 रह गई | जबकि 1891 की जनगणना में मारवाड की जनसंख्या 25,28,178 थी | इस प्रकार 1899 व 1900 इन दो वर्षो में यहां की सामाजिक व आर्थिक स्थति अत्यंत दयनीय हो गई थी |
इसी वर्ष जोधपुर महाराजा सरदार सिंह जी ने अपनी जनता को अकाल से राहत व रोजगार देने के लिए बाडमेंर-बालोतरा 60 मील रेल लाईन चालु करवाई गई | इतनी बडी रेल लाइन चालू करने की अनुमती अंग्रेजी सरकार ने पहली बार एक देशी रियासत को दी थी | इस अकाल में जोधपुर महाराजा ने अपनी प्रजा के लिए धान के भंडार खोल दिये थे, लेकिन भयंकर अकाल में कुछ ही समय में चौतरफा त्राही-त्राही मच गई |
इस काळ को लेकर उस समय की दशा को महाकवि ऊमरदान ने इस तरह बताया -
"माणस मुरधरिया माणक सूं मूंगा !
कोडी कोडी़ रा करिया श्रम सूंगा !
डाढी मुंछाला डळियां में डळिया !
रळिया जायोडा़ गळियां में रूळिया !
आफत मोटी ने रैय्यत रोवाई !
अर्थात मरूधर के मनुष्य (मारवाडी) जो मणिक और मुंगा आदि रत्नों के समान महंगे थे, जो एक-एक कोडी़ को मजदुरी करते दिखाई दिये | गर्व भरी डाढी- मुंछों वाले टोकरी उठाते थे | महलों में पैदा होने वाले गलियों में भटक रहे थे | वह छप्पन का समय भारी आफत के साथ आया ! प्रजा रोटी-रोटी को रोती रही |
कहते हैं उस वक्त धान की अत्यंत कमी के कारण नीम व खेजडी की साल तक खाने को मजबुरी आ पडी थी | इस बारे में मैंने गांव के बुजुर्गों से जानकारी ली, तो बताया की उनके पुर्व के बुजुर्ग जो उस काळ को चीर कर बाहर निकले थे | वो बताते थे की "छप्पने" के समय लोगो के पास पैसे व सोने चांदी की मुहरे भी थी, लेकिन वो भी इधर-उधर लेकर घुमते रहे | धान की इतनी कमी थी कि स्वर्ण मुहरो के बदले भी कोई धान देने को तैयार नही था | क्योकि जिनके पास धान था वो खुद चिंतित थे, कि न जाने काळ कीतना लंबा चलेगा |
-------------------
छप्पनियां काळ के बारे में बुजुर्गों से सुने अनुभव शेयर करते हुए मंगलाराम बिश्नोई बताते हैं कि -
" लोग अनाज की पोटली हांडी में घुमाकर उसे 'अन्नवाणी' बना देते और उस पानी में खेजडी के 'छोडा ' (छाल) उबाल कर खाते |
लोग इतने कमजोर पड गये थे कि घरों में झोंपडों में अंदर 'वळों" से रस्सी लटकाये रखते और उसे पकड कर ही खडे हो पाते थे |
एक वीभत्स किस्सा भी है-
" एक माँ ने कैरडे के मळे में अपनी संतान को जन्म देकर खुद ही खा लिया |"
और मंगलाराम जी कहते हैं कि मारवाड की मानवता को झकझोर कर रखने वाली इस छप्पनिया की विभीषिका के बारे में किसी साहित्यकार, कवि, ख्यात लेखक की कलम नहीं चली, न ही वाणी में सरस्वती विराजी |
--------------------------------------------
आज जब हम प्रकृति के छोटे-छोटे प्रकोप से डर व सहम जाते हैं | तब बुजुर्गो से सुनते आये उस छप्पने काळ की याद अनायास ही आ जाती हैं | क्या दौर रहा होगा ? जब सब तरफ त्राही-त्राही मची होगी |
खैर भगवान करे ये काळ व ये आपदाये कभी ना आये |
🖋 दीप सिंह दूदवा

Friday, January 12, 2018

गोडावण की भांति लुप्त होते गांव के जिम्मेदार लोग

उन दिनों की बात हैं | जब न तो गांव में और ना ही गांव के आस-पास में इतने टेंट हाउस हुआ करते थे |
गांव में कोई भी पारिवारिक कार्यक्रम होता, तो गांव के अन्दर से ही पुरा सामान जुटाया जाता था |
चाहे खाटळे, बिस्तर, तकियां, खाट-पछेडे, दरी, जाजम, दूध, दही, ऊंट-गाडे़, जीप तक | बहुत ही कम सामान शहर से लाना पड़ता था | उन दिनों लोगो में सामाजिकता व उधार का भाव था | लोगों में आज इनकी तो कल अपनी बारी के जिम्मेदारी का अहसास था |
बारात आती थी तो पुरा का पुरा गांव पांव पर खडा़ रहता था | पुरा गांव ही एक घर समझा जाता था | बुजुर्ग व गांव के जिम्मेदार लोग तब तक बिना खाये ही मेहनानवाजी में खडे़ रहते थे, जब तक गांव की बच्ची के फेरे खाने की रस्म अदायगी नहीं हो जाती थी | या युं कहे कि बेटी के बाप से ज्यादा गांव के जिम्मेदार लोगों को चिंता हुआ करती थी | बेटी का बाप निश्चिंत हुआ करता था, गांव के लोगो पर उसे पुरा भरोसा होता था |
ऐसे लगता था जैसे शादी कोई शादी न होकर गांव में सामाजिक एकता का मेला हों |
समय ने करवट बदलीं रेडीमेड का जमाना आया | टेंट आया, टेंट के साथ-साथ वेटर प्रथा भी आई |
आज समय इतना बदला कि अब बारात आने की मामुली रस्म अदायगी के बाद बारातियों व वेटर का ही आमना सामना होता हैं | बाराती अपनी मस्ती में मस्त हैं, घराती अपनी मस्ती में मस्त, तो गांव वाले अपनी में मस्ती में मस्त हैं | न कोई जिम्मेदारी का अहसास न सामाजिकता का भाव  बस केवल खडे़-खडे़ दर्शकों की भांति सब मनोरंजन करते नजर आते हैं | आज सब जगह पैसों का बोलबाला बना हुआ हैं |
न बाराती, बाराती को पहचानता हैं ..और न ही घराती, घराती को |
सब अपनी मस्ती में मस्त हैं | बारात आने से लेकर जाने तक बेटी के बाप की नींद हराम हो जाती हैं, आज डर हैं कि कही विवाह बिगड़ न जाय | अब जिम्मेदार लोगो की संख्या राज्य पक्षी 'गोडावण' की भांति लुप्त होती जा रही हैं | आज इस तरह सामाजिक मुल्यों को गिरते देखकर लगता हैं कि आने वाला समय सामाजिक एकता के भाव से और भी भयानक होगा व चिंतनीय होगा |
खैर! समय की गति पर किसका नियंत्रण हैं |
🖋 दीप सिंह दूदवा

Thursday, January 11, 2018

'छठी कक्षा में सीखा 'ए' फोर 'एप्पल' और बना देश का आईआईटी टॉपर'


  • छठी कक्षा से जिसने 'ए' फोर 'एप्पल' पढना सीखा हो, सरकारी स्कुल में अपने नींव का निर्माण किया हो,घर में घरेलु लाईट कनेक्शन व आधुनिक मनोरंजन के साधन के नाम पर टीवी तक न हो और वो जिस जिले का रहवासी हो वो जिला शिक्षा क्षेत्र में अत्यंत पिछडा व 'डार्क जॉन' घोषित हो यदि उस जिले, गावं और उस घर का युवा देश की सबसे प्रतिष्ठित आईआईटी परीक्षा टॉप कर देवे तो क्या खुशी होती होगी .....?
  • -----
  • हां इस खुशी को हम जालोर (राजस्थान)  वासियों ने महसूस कीया वर्ष 2002 के IIT-JEE 2002 के परिणाम के वक्त .....
  • हां पहली बार कीसी घर के व्यक्ति ने अपने घर (जालोर) की पहचान देशभर में करवाई थी | इससे पहले तक जालोर 'सरदार बुटा सिंह का जालोर' (पुर्व गृह मंत्री, भारत सरकार का संसदीय क्षेत्र) के नाम से जाना जाता रहा था |
  • ------
  • वर्ष 2002 में जालोर जिले के सायला तहसील के भुण्डवा गांव (मेरे गांव दूदवा से 3 km दूर)  के डूंगराराम चौधरी ने इस परीक्षा को टॉप उत्तीर्ण कर न केवल मेट्रो सीटी की अंग्रेजी पीढीयों को सोचने के लिए विवश कीया अपितु जालोर की हजारों प्रतिभाओ, जो पांचवी पास कर  देसावर (धनोपार्जन के लिए प्रदेश कमाने जाना) चली जाती थी | उन्हें शिक्षा के क्षेत्र के महत्व को बताकर पलायन से रोका |
  •  एक सफलता ने हजारों युवाओ का मार्ग प्रशस्त किया | उस सफलता के बाद आज जालोर न केवल मेडिकल अपितु आईटी व प्रशासनिक क्षेत्र में भी झंडे गाड़ रहा हैं | आज इसका पुरा श्रेय डूंगरा राम जी की सफलता को जाता हैं |
  • -------
  • जो अनपढ लोग (शिक्षा के महत्व का जिन्हें पता नही था) पढ़ने वालो पर कभी ताने कसा करते थे कि 'एडो पसे पढने काई कलेक्टर बण जाई' उनकी भी डूंगराराम जी की सफलता ने बोलती बंद कर दी | उनमें भी अपनी संतानो को पढाने की एक होड़ मच गई | आज 2002 के बाद जालोर जिला शिक्षा के क्षेत्र में नित नये आयाम स्थापित कर रहा हैं | डूंगरा राम जी के बडें भाई डॉ. दरगाराम जी भी प्रतिभा के धनी रहे हैं | 
  • -------------
  • -------------
  • एक  किस्सा -
  • करीब तीन-साढे तीन वर्ष पहले की बात हैं | पंचायत समिति हॉल में सरपंचो व ग्रामसेवकों की कार्यशाला चल रही थी | कार्यशाला "खुले से शौच मुक्त' को लेकर आयोजित थी | इस मौके जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी (सीईओ) जवाहर चौधरी एवं प्रधान वगैरह भी मौजुद थे | लगभग दो घंटे की कार्यशाला के बाद सीईओ साहब ने सरपंचो की तरफ नजर डाली और घूंघट में बैठी एक महिला सरपंच से पुछा, 'माझीया कोई बात थोडी-घणी भी समझ आई की युंही दो घंटा हरी रो नोम लियो ?'
  • तब पास में बैठे प्रधान जी ने सीईओ साहब से कहा कि, 'साहब ये भुण्डवा सरपंच हैं जो 2002 में आईआईटी टॉप कीया था डूंगरा राम जी ने उनकी माता जी हैं|'
  • इतना सुनते ही सीईओ साहब एकदम से खडे़ हो गये और उनकी माता जी को नमन करते हुए कहा कि, 'मुझे बडा़ गर्व हैं कि मैं उस आईआईटी टॉपर की माता जी के दर्शन कर पाया|' और आगे सीईओ साहब ने कहा कि जब 2002 के आईआईटी का रिजल्ट घोषित हुआ था, तब मैं रिजल्ट की पहली सुबह बाडमेंर के सुदुर गांव (पाकिस्ता सीमा पर) में था और अखबार के माध्यम से जानकारी मिली | मैं एक घंटे तक उस खबर को दसो बार पढते रहा, कि जालोर जिले के छोटे से गांव का व्यक्ति भी आईआईटी टॉप कर सकता हैं क्या.......? 
  • वो बताते हैं कि मुझे उस खबर पर नो बार तो विश्वास ही नही हुआ, फिर दसवी बार उस खबर को पढकर मान ही लिया कि इस संसार में असंभव कुछ भी नहीं हैं |
  • -----------
  • -----------
  • दूसरा किस्सा 
  • सुधांशु जी की फेसबुक वॉल से ..
  • --
  • साल 2002 । जून की गर्मी से उबलता राजस्थान । कोटा शहर में भी बहुत उथल-पुथल थी । उथल पुथल इसलिए क्योंकि IIT-JEE का रिजल्ट घोषित होने था । कोटा जो मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए मशहूर एजुकेशन हब बन चुका था इस बार भी अपने यंहा से ही टॉपर की बाट जोह रहा था ।

  • दोपहर की गर्मी में बंसल क्लासेज ( IIT कोचिंग के लिए जाना पहचान नाम ) में सभी बेसब्री से IIT-JEE 2002 के परिणाम का इंतजार कर रहे थे । सभी छात्र एवं शिक्षक टकटकी लगाकर घड़ी की तरफ देख रहे थे । प्रार्थनाओं और ईश्वर को याद करने का दौर शुरू हो चुका था ।

  • शाम के 5 बजते ही परिणाम घोषित हुआ और बंसल क्लासेज ने एक बार फिर सफलता के नए आयाम स्थापित किये और लगभग 2000 के आसपास विद्यार्थी परीक्षा पास कर चुके थे । बंसल क्लासेज को पूरी उम्मीद थी कि इस बार भी टॉपर उनके यही से निकलेगा लेकिन टॉपर का नाम देख बंसल क्लासेस के मैनेजमेंट और स्टूडेंट्स में निराशा छा गयी । IIT-JEE 2002 की इस बार की सूची में नम्बर 1 यानी टॉपर की जगह पर नाम था डूंगरा राम चौधरी का । डूंगराराम चौधरी निवासी जालोर,राजस्थान । 

  • उस समय टेक्नोलॉजी और तकनीक का इतना प्रभाव नहीं था कि डेटाबेस से एक सर्च से सारा रिकॉर्ड खंगाला जा सके । बंसल क्लासेज में अपनी एक व्यवस्था है । सबसे इंटेलीजेंट स्टूडेंट्स को वे अपने प्रीमियम बैच में रखते है, जिसमे विशेषज्ञ उन स्टूडेंट्स पर विशेष मेहनत करते है ।यह प्रीमियम बैच ही मेरिट लिस्ट में ऊपर के स्थान पर कब्जा करते है । बाकी सामान्य और ग्रामीण परिवेश से आनेवालों के लिए जनरल बैच बनते है जिन पर संस्थान ज्यादा ध्यान नही देता । वे सिर्फ धन उपलब्ध करवाने वाले होते है, उनसे विशेष उम्मीद भी नही होती ।  तो बंसल क्लासेस के मैनेजमेंट ने उस दिन अपने सभी टॉपर बैच में पड़ताल की लेकिन यह नाम नहीं मिला तो उन्होंने मान लिया कि इस बार टॉपर कोई और जगह से बना । थोड़ी देर बाद पता चला कि चोटी के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी इस टॉपर का नाम नही है ।चारो तरफ अफवाहों का दौर गर्म हो गया क्योंकि अगर टॉपर बंसल क्लासेज या करियर पॉइंट और रेजोनेंस से नहीं बना तो फिर कहाँ से बना ?

  • रिजल्ट के 2 घंटे बाद शाम को 7 बजे के आसपास एक 18 वर्ष का बेहद सामान्य से दिखने वाला दुबला पतला चश्मा लगाया विद्यार्थी बंसल क्लासेज के डायरेक्टर रूम में जाता है और पांव छूकर कहता है कि "सर मेने IIT टॉप कर लिया है ।"

  • उस वक्त तक उस विद्यार्थी को उसके बैच के कुछ साथियों के अलावा कोई नहीं जानता था । डाइरेक्टर साहब अवाक रह जाते है । पूरा मैनेजमेंट और स्टाफ हैरान हो जाता है कि जिसे हम जानते तक नही , उस सामान्य स्टूडेंट्स की भीड़ में से यह कौन टॉपर आ गया? 

  • तुरंत पेपर्स खंगाले जाते है । पता चलता है कि यह चौधरी साहब पश्चिमी राजास्थान में मारवाड़ के सुदूर जिले जालोर से बंसल क्लासेस में पढ़ने आये थे ।अंग्रेजी में कमजोर होने के कारण बंसल क्लासेस की तकनीकी कमेटी उनकी प्रतिभा को पहचान नही पाई और उन्हें प्रीमियम बैच में स्थान नही मिल पाया । लेकिन अब रिजल्ट की शाम वो ग्रामीण हिंदी माध्यम का लड़का एक स्टार सेलिब्रिटी बन चुका था। अगले दिन हर न्यूज़ पेपर में उसकी फोटो छपी और उसके नाम व फोटो के बैनर/फलेक्सेस पूरे कोटा शहर में छा चुके थे । बंसल क्लासेज ने एक बार फिर IIT-JEE की टॉप रैंक कब्जे में लेकर अपनी उपयोगिता साबित कर दी थी । डूंगरा राम चौधरी अब बंसल क्लासेस की शान बन चुका था ।

  • अब डूंगराराम की कहानी हर कोई जानना चाह रहा था ।राजस्थान के जालोर जिले के एक गांव से आने वाले डूंगरा राम चौधरी ने अपनी मेहनत और लगन से देश के प्रतिष्ठित एग्जाम में टॉप किया। जालोर के किसान परिवार से आने वाले डूंगरा राम ने शुरुआती पढाई अपने गांव से करने के बाद जालोर शहर की तरफ आगे की पढाई के लिए रुख किया । 12 वी पास करने के बाद IIT-JEE की तैयारी के लिए 1 साल का गैप लिया और पहुंच गए कोटा अपनी किस्मत आजमाने । एक सामान्य विद्यार्थी के रूप में साल भर पढाई करने वाले डूंगरा राम ने अपनी प्रतिभा का लोहा टॉपर बनकर मनवा लिया ।

  • IIT-JEE में टॉप करने के बाद डूंगरा राम ने IIT कानपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग में दाखिला लिया और वहाँ पर भी अपने बैच के टॉपर रहे । हिंदी माध्यम से पढ़कर IIT टॉप करके IIT कानपूर जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में दाखिला लेना डूंगरा राम के लिए किसी सपने के सच होने जैसा साबित हुआ ।

  • इंजीनियरिंग के बाद डूंगरा राम ने AirTight Netorks नाम की कंपनी में अपना करियर शुरू किया और लगभग 2 वर्ष वहां काम करने के बाद Oracle में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में पिछले 11 वर्ष से काम कर रहे है । Oracle में वो आधुनिक तकनीक जैसे क्लाउड कंप्यूटिंग और क्लस्टरिंग जैसे प्लेटफार्म पर काम कर रहे है । वो अब तक 2 रिसर्च पेपर एवं एक पेटेंट पब्लिश कर चुके है और वर्तमान में कैलिफोर्निया में अपने परिवार के साथ रह रहे है ।

  • जालोर के छोटे से गांव से कैलिफोर्निया तक का सफर डूंगरा राम के लिए बहुत ही रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा है लेकिन डूंगरा राम ने अपनी लगन और मेहनत से हर बड़े लक्ष्य और मुसीबत को अपने सामने बौना साबित कर दिया है ।

  • आज 15 साल बाद बंसल क्लासेस भी इस अनुपम उपलब्धि पर अपने यंहा स्कालरशिप प्रोग्राम उनके नाम पर चलाती है । ध्यान रखिये प्रतिभा को कान्वेंट, अंग्रेजी या बड़े शहर की दरकार नही होती । अपने हुनर पर भरोसा रखें । सफलता अवश्य मिलेगी ।
  • -------
  • फोटो - 1. 2002 के आईआईटी टॉपर डूंगर राम जी अपने पिताश्री अजाराम जी चौधरी के साथ उस समय |

  • फोटो 2. डूंगर राम जी के बडे़ भाई डॉ. दरगाराम चौधरी अपने फार्म पर | आज भी इतनी सफलता के बाद अपनी जडो़ से जुडे़ हुए हैं एवं पुरा ही परिवार 'सादा जीवन उच्च विचार' का जीना जीता हैं|
  • -----------
  • -----------
  • 12 जनवरी (युवा दिवस) पर विशेष -
  • 🖋 दीप सिंह दूदवा

Wednesday, January 10, 2018

'धापू और कीरता का पवित्र प्रेम'

धापू आज बडी़ खुश थी .... आखिर हो भी क्यों न | न जाने कीतने एकासणे किये थे, अपने सपनों के राजकुमार को पाने के लिए | वो जो आज उससे मिलने जो आया था |

चार वर्ष की उम्र में ही मां सदा के लिए धापू को छोडकर जा चुकी थी | दुनियां में रिश्तेदार के नाम पर केवल बापू ही था | बचपन बडी़ मुश्किल से गुजरा .. बापू ने ही मां व बाप की भुमिका निभाई |
खाना बनाने से लेकर कपडे़ धोने,झाडू निकालने, कच्चे घर में गार निपने से लेकर बकरीयों को दाना-चुगा देने तक का काम बापू ही करते थे | घर में दो वक्त की रोटी का सही जुगाड़ न होते हुए
भी धापू का बापू हमेशा धापू को ऊंचे ख्वाब दिखाता था |

जब धापू ठीक से बोलने व चलने लगी तो बापू ने गांव के ही सरकारी स्कुल में धापू का नाम लिखवा दिया था | धापू पढने में बडी़ तेज थी | धापू जब स्कुल जाती तो उसका बापू गांव में ही बळीतें (लकडियां) फाडने का काम करता था | स्कुल की छुट्टी होने से कुछ समय पहले ही घर लौट आता था, ताकि इकलौती बेटी को अकेलापन महसुस न हो |

समय गुजरने के बाद अब धापू नवमी कक्षा में आ चुकी थी | अब तक वो बडी़ समझदार हो चुकी थी | घर का सारा काम निपटा लेती थी | जैसे-जैसे धापू की उम्र बढ़ रही थी वैसे-वैसे बापू की चिंता भी दिनों-दिन बढने लगी थी |

धापू कक्षा में हमेशा प्रथम तो कीरता द्वितीय स्थान पर आता था | कीरता उसकी कक्षा में पढने वाला सीधा-सादा लडका था | कीरता भी आठ साल की उम्र में अपनी मां को खो चुका था | धापू और कीरता में हमेशा स्वच्छ प्रतिस्पर्धा होती थी, चाहे परीक्षा हो या निबंध प्रतियोगिता, बाल सभा हो या भाषण प्रतियोगिता हमेशा दोनों का नाम ही अव्वल पर होता था | कई बार धापू की सहेलियां धापू से मजाक कर कहती थी, 'कि तुम दोनों की तो जोडी़ बन गई हैं .. जहां धापू वहां कीरता और जहां कीरता वहां धापू |' ये सुनकर धापू का चेहरा शरम के मारे लाल पीला हो जाता था | तो दूसरी तरफ कीरता के मित्र कीरता को चिढातें हुए हुए कहते थे, कि तुम्हारी तो जोडी़ नम्बर वन हैं ..भगवान ने ही बनाकर भेजी हैं | इस मजाक से धापू व कीरता में असहजता होने लगी थी |

आज रविवार का दिन था | धापू का बापू अपनी झुपडी़ के उपर देने हेतु सणीये लेने खेत में गया हुआ था | धापू अकेली ही घर थी | उसने खाना बनाया और बर्तन धोये, बर्तन धोने के बाद वह झुपडी पर पुराने काले पड़ चुके सणीयों को एक-एक कर नीचे गिराने लगी | अभी पांच-सात सणीये ही नीचे गिराये होंगे, कि उसका सहपाठी कीरता उसके घर आ गया | पहले तो वो एकदम हड़बडा़ गई क्योंकि कीरता पहली बार उसके घर आया था | लेकिन बाद में संभल गई | क्योंकि कीरता समझदार व होनहार नेक दिल लड़का था | वह उसको देखकर उसके स्वागत में हल्की सी मुस्कराई, तो कीरता भी हल्का सा मुस्कराया |

धापू ने कीरता से आने का कारण पुछा, तब कीरता ने बताया की वह उसके बापू को बुलाने आया हैं | दो दिन बाद रामदेवजी की जागरण हैं, घर पर बळीते (लकडियां) फाडने हैं | तब धापू ने बताया की उसका बापू खेत में सणीये लेने गया हुआ हैं | ऐसा कहकर वह कीरते को पानी पीलाने के लिए नीचे उतरने लगी | झोपडे़ से नीचे उतरते देख कीरते ने उतरने का मना कर दिया, और कहा कि, 'सणीये नीचे डालते थक गई होगी इसलिए उतरने व वापिस चढने की परेशानी मत देख |' और ऐसा कहकर उसने स्वयं लोटा लेकर खुद ही पानी पी लीया, और खुद पानी पीने के बाद वापिस लोटा भरकर धापू के सामने कर दिया | अब धापू शरम के मारे पसीना-पसीना हो गई | कीरते के हाथ से लेकर उसने पानी पीने का प्रयत्न कीया, पर पानी गले से नीचे नही उतर रहा था | जैसे-तैसे आधा लोटा पानी पीया और लोटा कीरते की तरफ बढाया, तो दोनों की अंगुली एक दुसरे के टच हो गई | अंगुली के आपस में टच होने से धापू के शरीर में अजीब सा करंट दौड गया | वो कुछ समझ पाती उससे पहले ही कीरते की आवाज ने उसका ध्यान भंग कर दिया | कीरता बोला, 'आने दो एक-एक सणीया, तुम उपर से दो, मैं इसे नीचे जमाता हूं |' धापू कुछ कह पाती उससे पहले ही कीरते ने सणीया लेने के लिए हाथ आगे बढा दिया |

अब धापू एक-एक करके सणीया नीचे कीरते को देने लगी | कुछ देर तो दोनों मौन रहे, पर थोडी देर बाद कीरते ने मौन तोडते हुए पुछा- "धापू तेरी मां अभी तक नजर नहीं आई?" इतना सुनते ही धापू के आंख से एक आंसू छलक आया | अब कीरता पुरी कहानी समझ चुका था | अब तक सारे सणीये भी झुपडी़ से नीचे आ चुके थे | कीरता ने धापू को नीचे आने का ईशारा कीया, पर अब धापू के लिए उतरना मुश्किल था | क्योंकि सभी वळे (झोपडे़ की लकडीयां) भी नीचे फेंक दिये जा चुके थे |

कीरते ने धापू की वस्तु-स्थति भांपते हुए उसे सहारा देने के उद्देश्य से हाथ उपर कीये पहले तो धापू शरमा गई, पर दुसरा कोई सहारा न देखते हुए कीरते के दोनों उपर कीये हाथों के सहारे नीचे कुदी | कुदते ही कीरते ने अपने शरीर का बैलेंस बनाते हुए उसे कैच कर दिया | अब धापू कीरते के बाहों में थी | कीरता ने उसे संभालते हुए नीचे लिया |

अब कीरता घर जाने के लिए जैसे ही रवाना हुआ, तो धापू ने खाना खाकर जाने को कहा | कीरते ने धापू को अकेली देख खाना खाना उचित नहीं समझा, पर धापू के खुद की सोगन डालने पर कीरता रूक गया | आखिर रूकता भी क्युं नहीं ! कक्षा की सबसे होशियार लडकी अपने हाथो का बना खाना जो खिला रही थी | दोनों ने हाथ धोये व खाने के लिए दोनों एक ही दरी पर पास में ही बैठ गये |

आज धापू ने अपने हाथ से पतले-पतले सोगरे व सनवेळें की सब्जी बनाई थी | धापू ने कीरता को वाटके में सोगरा व सोगरे के उपर सनवेळें की सब्जी रखने के बाद, घीलोटी से टीपरी भरकर घी डालने लगी | इतने में कीरते ने धापू का हाथ पकड़ लीया और घी एक शर्त पर ही लेने की बात कहने लगा | धापू भी उसकी शर्त को मानने को तैयार हो गई, क्योंकि वह अपने साथी को कोरा कैसे खाने देती | तब कीरता ने शर्त रखी कि वह घी उसी शर्तानुसार सोगरे पर लेगा, यदि वह खाना उसके साथ ही खायेगी | अब धापू धर्म-संकट में फंस चुकी थी, न तो ना कर सकती थी और ना ही एकदम से हां |  आखिर धापू ने घीलोटी पकडकर टीपरी से सोगरे पर घी डालने लगी, अब कीरता धापू की मौन स्वीकृति को समझ चुका था | कीरते ने पांचो अंगुली सोगरे के बीच पडे़ सनवेळें व घी में डुबोते हुए एक छोटा अच्छा कौर तैयार कीया और धापू के मुंह की तरफ बढा दिया | अब धापू की बारी थी उसने भी अपने मखमल से हाथों से छोटा कौर बनाया और कीरते की तरफ बढाने को ही थी, कि धापू का हाथ धूजने लगा | कीरता समझ गया, उसने अपने हाथ धापू की तरफ बढाते हुए धापू के दोनों हाथ पकड़ कर उसके मखमली हाथ का कौर अपने मुंह तक ले गया | अब धापू का चेहरा शरम के मारे नीचे झुक गया |
अब दोनों एक दुसरे को कौर देने लगे और एक दुसरे की आंख से आंख मिलाने लगे | इतने में अचानक गोगर बिल्लें ने थाली में जोर से उनके हाथ पर पंजा मार दिया | जिससे दोनों का अचानक से ध्यान भंग हुआ और हडबडाहट से उछल पडे़ | देखा तो अब तक वे पुरा सोगरा कभी का खा चुके थे | वे केवल आंख में आंख डाले, दोनों हाथ थाली में डाले लंबे समय से बैठे थे | गोगर बिल्ले के खलल ने उन्हें उठकर हाथ धोने को मजबुर कर दिया |

अब धापू एटवाडी प्लेट लिए एक कोने में खडी थी और कीरता घूणीयें मेंसे पानी लेकर हाथ धो रहा था, कि अचानक .... "ऐ धापूडी..ऐ धापूडी" की आवाज सुनाई पडी़ |
धापूडी - "जी ... बापूजी..." कहकर बापू के सामने दौड़ पडी़, और बापू के माथे पर से सणीये के भारे को नीचे उतारा |

प्यासे बापू ने धापू से पानी मांगा | धापू ठाडी़ मटकी से बापू के लिए
पानी लेकऱ गई, तो कीरता भी धापू के पिछे-पिछे गया और बापू के धोक लगा दी |
बापू ने उस चेहरे को पहचानने की कोशिश के रूप में अपनी आंखो पर जोर डालते हुए उसकी तरफ देखा... पर चेहरा अनजाना सा नजर आया | इस बीच धापू बिच में ही बोल पडी- "बापू ओ कीरतो हैं ... म्हारें कक्षा में पढे हैं... हर साल कक्षा में सैंकड आवे हैं... भूरजी रो हैं |" भूरजी का नाम सुनते ही बापू ने गौर से उसकी तरफ टकटकी लगाकर देखा.. फिर धापू की तरफ ... दुबारा उसकी तरफ ... फिर धापू की तरफ .... |

धापू और कीरता भी विचार में पड़ गये | आखिर माजरा क्या हैं ....... ?

बापू की आंखो में आज आशा की एक कीरण जग चुकी थी |
बापू  ने कीरता को आने का कारण पुछा, तो कीरता ने बापू  को बताया की, 'दो दिन बाद घर में जागरण हैं इसलिए आपको बळीतें फाडने का कहने के लिए आया था |'

बापू में एकबार फिर उत्साह की ज्योत जगती नजर आई | बापू कीरते को बोले- " जरूर आऊंगा ....  आज तो जरूर आऊंगा ... |

जवाब सुनकर कीरता घर के लिए चल पडा़ | गुआडी के अदबिच जाकर कीरते ने पिछे नजर दौडाई, तो देखा कि बापू उसे टकटकी लगाये देख रहे है, तो उसके पिछे धापू भी मंद-मंद मुस्करा रही हैं |

बापू ने कुल्हाडी़ उठाई और पास पडे़ छीण के टूकडे पर कुल्हाडी़ को रगड़कर धार करने लगा | धार करने के बाद धापू को आवाज लगाई ... ऐ  धापू ..!

बापू की आवाज सुनकर धापू दौडकर नजदीक आई | बापू ने उसके चेहरे को गौर से देखा और हल्की सी मुस्कान बिखेर दी | और कुल्हाडी उठाकर चल पडा़ भूरजी के घर की तरफ |

अब भूरजी के घर पहुंचने पर बापू की नजर सबसे पहले कीरता पर पडी़ | कीरता दो पत्थरों के बीच तख्ता रखकर उस पर बैठे-बैठे किताब के पन्ने पलट रहा था |

कीरता ने धापू के बापू को घर आये देखकर राम-राम कर धोक लगाई और थणी पर लटक रही बगती से ठंडे पानी का लोटा भरकर ले आया |

बापू की नजर कभी लोटे पर तो कभी कीरते पर अटक रही थी | इतने में अचानक "राम-राम ..." की आवाज सुनाई पडी. | पिछे मूडकर देखा तो हाथ में गेडी़ लिए भूरजी खडे थे |

भूरजी ने बापू से गर्म  जोशी से हाथ मिलाया | पर आज धापू का बापू थोडा़ नर्वस था ... |

भूरजी ने अमल की मनुहार करते हुए धापू के बापू के नर्वस चेहरे को पढ लिया था | भूरजी ने अमल की मनुहार करते हुए धापू के बापू को माडेही पाव तौला अमल गटका दिया | अमल देने के बाद धापू के बापू से भूरजी ने अपनी चिंता का कारण पुछा | तो बापू ने चेहरे पर मामूली सी चिंता मिश्रित मुस्कराहट लाकर कारण टालने का प्रयास कीया |
पर भूरजी के जोर देने पर बापू ने मन को भारी करते हुए, नजर झुकाकर कहा कि, 'घर में बडी़ हो रही लडकी से बडी़ बाप की चिंता क्या हो सकती हैं?'

इतना सुनते ही भूरजी आत्मविश्वास से लबालब होकर बोले "अरे ! समधी जी ये चिंता मुझ पर छोड़ दो" इतना सुनते ही बापू पागल की भांति भूरजी के पांवो में गिरने लगे |
यह देख भूरजी ने बापू को उठाकर गले लगा दिया और बोले कि, 'आज बळीतें फाडनें का बुलावा तो एक मात्र बहाना था !  मैंने "पिछली स्वतंत्रता दिवस पर धापू का धारा प्रवाह भाषण सुना था, तब से धापू को बिंदणी बनाने की दिल में ठान ली थी .."

 समधी जी तुम यदि आज तैयार नहीं होते, तो भी मैं येनकेन प्रकारेण यह रिश्ता करने की कोशिश जरूर करता |
इतना सुनते ही बापू का सीना गर्व से फुल गया |

बापू ने अपने जेब से एक रूपया निकालकर होने वाले जवाई (कीरता) को पकडा़ दिया |
हाथ में रूपया देख कीरता भी मन ही मन धापू के बारे में सोचकर फुले नही समां रहा था |

अब भूरजी ने धापू के बापू को घुड-धनिया खिलाकर (नये समधी) को रवाना कीया |

बापू रास्तें में चलते-चलते फुले नही समां रहा था | जैसे ही घर पहूंचा, "धापू...ऐ..धापू ..." चिल्लानें लगा | इस बार बापू की आवाज में पुर्ण संतोष के भाव थे | धापू भागती हूई आई, धापू को देख बापू उसके गले लिपट गया | जैसे बहुप्रतिक्षित स्वप्न आज पुरा हूआ हो | धापू भी मन ही मन कीरते के बारे में सोचकर फुले नहीं समां रही थी |

आज धापू और कीरता यह सोच कर खुश हुए जा रहे थे, कि चलो, आज सहपाठीयों की दुआओं को आखिर पंख तो लग ही गये |
------------
🖋 दीप सिंह दूदवा

Tuesday, January 9, 2018

'आज भी कायम हैं गांव री अपणायत'

फोन आया कल जागरण की बैठक हैं, आपको जरूर आना हैं | 'बैठक' का नाम सुनकर आनंद आ गया | 'जागरण व बैठक' मेरे लिए बडा कर्णप्रिय शब्द था | मुझे समय मिलने पर जागरण व बैठक में जाने की हमेशा उतावळ व उत्सुकता रहती थी | क्योकि वहां जाने पर मुझे ग्रामीण संस्कृति, अपणायत व निस्वार्थता के जीवन दर्शन को करीब से महसुस करने का अवसर प्राप्त होता था | वैसे आज रविवार भी था | दस बजे ही तैयार होकर बैठक के लिए रवाना हो गया | जैसे ही वहां पहुंचा, तो जगह-जगह नीम के नीचे ट्रैक्टर व जीपे खडी मिली | मैंने भी एक तरफ अपनी गाडी खडी की, उतर कर बैठक में पहुंचा | वहां सभी ने हाथ जोडकर मुस्कराते हुए मेरा सहर्ष अभिवादन कीया | अभी जाकर बैठा ही था, कि हीमतो बा ने एक लडके को आवाज लगाते हुए कहा- " ए छोरा बगना वाळू का भाळे पोणी रो लोटो लाव" और लडका भागते हुए पानी का लोटा ले आया | इतने में गमनो बा आगे से मनुहार करके हुए सीधे मेरे पास आ गये, और अमल आगे करते हुए कहा- "लो सा आज तो आपने अलम लेणोइज पडेई" और अमल की कोतली मेरे सामने बढा दी | मैने भी हँसते हुए बा को यह कहते हुए मनवार टाळ दी, कि "अजे अमल लेवा में ओपोरे टेम हैं|" तब बा ने भोळावण देते हुए कहा कि "मोरे तो मनवार रो फर्ज हैं पर आप नशा-पोणी ती थोडा अलगाइज रेरावजों |"
इतने में बातो ही बतो में चाय आ गई | अब मैं चाय की चुस्की के साथ आस-पास बैठे बुजुर्गो की बातो में हां में हां मिलाते हुए बातचीत भी कर रहा था | बैठक का दृश्य हमेशा की तरह अजीब था | एक तरफ डोडे गळाये जा रहे हैं, तो दुसरी तरफ अमली एक दुसरे को अमल की मनवार कर रहे हैं | वही तीसरी तरफ चिलम को एक-एक करके कस लेते हुए आगे बढा रहे हैं | साथ-साथ में कभी खेती तो कभी बारिश, कभी राजनीति, तो कभी स्कुली बच्चों के एडमीशन को लेकर भी चर्चा का दौर जारी हैं | बातों ही बातों में सब मशगुल थे | बैठक में कभी हंसी-ठिठोली तो कभी गम्भीर बातें भी निकल रही थी | हीमतो बा भी मेरे पास आकर बैठ गये, और हालचाल पुछने लगे | मैं भी उनको जवाब देता रहा | पास बैठे बुढिये भी मेरी बात को गंभीरता से सुनने लगे, कि कोई गंभीर बात सुनने को मिले | पर सामान्य बात चलती रही | इतने में पास से गुजर रहे एक छोटे बच्चे (पांच वर्ष) को हिमतो बा ने कहा- "ए ठोकीरा अटे आव अळगो-अळगो का धोडे ए देख शशमों वाळा डोक्टरसा आईया हैं, पाय नी आईयो तो सुई पी देई, नीतर एक कविता बोल पी |" बच्चे ने भी मेरी तरफ घुर कर देखा, और जोर जोर से चिल्लाने लगा - "मशळी जळ की रोणी हैं, जीवण उसका पोणी हैं .. हाथ लगावो तो डर जायेगी, बार निकाळो तो मर जायेगी|" इतना सुनाकर वहां से भाग गया | बुढिये उस बच्चे की कविता सुनकर आनंद विभोर हो गये, और उनको बडा़ मजा आया | एक मीनट की कविता के बाद चिलम का कस ले रहे समेळो बा ने भविष्यवाणी की - " ओ सोरो हुशियार हैं मोटो वेन कलेक्टर बणी |" तभी मालो बा ने बीडी का धुंआ नाक से निकालते हुए समेलो बा की बात बिच में ही काटते हुए भविष्यवाणी  कर दी - " मू कोउ ओ छोरो मोटो वेन पुलीस बणी|" इतने में सब हंसते हुए अपने-अपने कयास लगाने लगे | मैं उन भोळे-भोळे कयासों को सुनकर मन ही मन मुस्कराये जा रहा था | तभी भोळा आया और बैठक के बिचो-बीच बैठे हीमतो बा के कान में कुछ कहकर चला गया | हीमतो बा उठे और अन्दर गये और कुछ देर बाद बाहर आ गये | बैठक के बीच आकर हीमतो बा हाथ जोडते हुए बोले- "लो सा खाणों तैयार हैं, पेला मेमोन-मेमोन पधारों|" तभी हम बीस-पच्चीस जनें उठ गये | नेनीया ने सभी के हाथ धुलवाये
| फिर हम खाने के लिए हीमतो बा के पिछे-पिछे अन्दर बडे़ आंगन में चले गये | वहां  देखा तो छोटे बाजोटीये (पाटीये) बिछा रखे थे | सब जने वहा जाकर बैठ गये | सबसे पहले गलबा साबलिया लेकर आया, और दो-दो रोटी रखता गया गलबा के बाद खसीया आया और सभी के गुड रखता हुआ चला गया | फिर पिछे-पिछे वीरमा आया, और वाडकी (घीलोटी से बडी) से घी परोसता चला गया | परम्परा है वाडकी से घी परोसते वक्त जब तक सामने वाला मना न करे तब तक घी की धार थाली में डाली जाती हैं, फिर चाहे पाव घी या आधा कीलो भी कोई खाने वाला क्यों न हो ! घी के बाद जगीया वाल्टी में ग्वार फली की सब्जी परोसता गया | उसके बाद भीबा आया, वो दाल परोसता हुआ चला गया | इसके बाद पदमा ने सभी के काटे गये कांदे(प्याज) परोसे | कांदे के बाद लक्ष्मणा आया और मुझे रायता परोसने लगा | जैसे ही रायता चमसे से थाली में डालने ही वाला था, कि अचानक हीमतो बा बिच में चिल्लाये "ऐ डफोळ बगरू (मुर्ख) हैं का वाटको लाव वाटको (कटोरी) , वाटका माय परूस | लक्ष्मण भागते हुए गया और वटकी ले आया और वटकी में मुझे रायता परोसने लगा | इतने में फिर हीमतो बा बोले - "दीपसा ऐ आजकल रा छोरा भणीया पण गणीया नी |" और कहने लगे, " अणो जतरा मैं भणीया वेता तो, कलेक्टर नेई पासो बेरावता|" सब जने खाने के साथ-साथ हीमतो बा की बातो का पुरा रसास्वादन भी कर रहे थे | इतने में हीमतो बा फिर बोले - "दीपसा थे कतरी सोपडी भणी (कितनी पढाई की) ?" मैंने कहा,"बा मैं सोलह सोपडी (बीए, बीएड) भणी हैं !" बा ने आश्चर्य के साथ- "का वात कीदी सोलवी पास ?" मैनें फिर कहा - "हां बा !" इतने में पास खडे धरमे को आंख दिखाते हुए हीमतो बा बोले-"डोफा धरमीया ! भणेई तो होरो वेई नी तो अटे यूज भैं-गाय रा पुछ ओमळजे|" खाने के साथ-साथ बातों का भी सिलसिला चल  रहा था | इतने में मैं खाना खाकर उठने ही लगा, तो हीमतो बा भागते हुए आये और एक रोटी जबरदस्ती रखते हुए बोले "म्हारी मनुआर तो राखणी पडेई एक फलको (रोटी) म्हारे तरफ ती जीमणो पडेई!" मैं भी उनकी बात कैसे टाल सकता था, और वापिस जम गया | इतने में पिछे से गमनो बा ने भी एक रोटी रख दी और बोले-" हीमता री मनुआर राखी तो एक फलको म्हारो भी जीमणो पडेई|" मेरे पास उनकी मनुआर रखने के अलावा कोई सहारा भी नहीं था | वैसे मुझे पुर्वानुमान भी था कि दो रोटी तो ज्यादा खानी ही पडेगी | क्योकि ऐसी मनवार मेरे साथ अक्सर होती रहती थी, जब भी मैं खाने के बाद उठने वाला होता | अब हीमतो बा और गमनो बा की मनवार मानने के बाद थाली लेकर  उठने ही वाला था कि हीमतो बा वापिस जोर से चिल्लाये -" ऐ नरींगा का देखे घुना वाळू लोटो लाव लोटो, थारो ध्योन कटे हैं?" और मुझे थाळी मे ही शळू (हाथ धलुवाये) करवा दिया | अब मेरा पेट तडातड हो चुका था | हीमतो बा भी मेरे साथ-साथ बाहर आये और मुझे नीम के नीचे ले गये | नीम के नीचे पहुंचकर वापिस जोर से आवाज लगाई "ऐ नरींगा खाटळों (चारपाई) लाव |" और मुझे थोडी देर वही नीम की गहरी छांव में आराम करने की मनवार करने लगे | मैने बा को कोई जरूरी काम बताकर पुन: जल्द मिलने आने का वादा करते हुए निकलने की परमीशन मांगी | तब हीमतो बा ने मेरे दोनों हाथ पकडते हुए कहा - " थे हमेशा यूइज झुठों वादो करो हो, कदेई आवता तो हो नी | और हीमतो बा बोले- "हमके घालो म्हारी सोगन की पासा जट आवोला|" मैंने भी हीमतो बा की आंखो में आंख डालकर सोगन के साथ कहा, "बा हमके टाईम मिलताई जरूर आवुला" का वादा दिया | अब मैं जाने के लिए जैसे ही पिछे मुडा तो मेरे जस्ट पिछे एक कुत्ता खडा था | हीमतो बा कुत्ता देख फिर जोर से चिल्लाये - "टेगा ! आगो मर" और पास खडे खसीया को कहा- "अरे खसीया ! अण गंडक (कुत्ते को) रे भाटो ठोक भाटो!" और बा मुझे गाडी तक छोडने आये | जैसे ही मैं गाडी में बैठकर गाडी़ मोडने लगा, तो पिछे खडे हीमतो बा एकबार फिर जोर से चिल्लाये,- " अरे दीपसा ! गाडी पेला थोडी लारे (पिछे) आवा दियो और पसे धके (आगे) लो |"  गाडी आगे से पुर्णतया मुडने की स्थति में होते हुए भी मैनें हीमतो बा की बात रखने के लिए गाडी को थोडी पिछे ले आया, और फिर आगे करते हुए रवाना हुआ | गाडी के पिछे की तरफ  खडे हीमतो बा दोनो हाथ जोडकर मुझे अभिवादन करने लगे | मैं भी मुस्कराते हुए उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए आगे बढ गया | मैं अब गाडी चलाते-चलाते सोच रहा था, कि इन लोगों में आज भी कीतना निस्वार्थ मोह-प्रेम हैं ! क्या हम सहीत पिछे की पीढी़ इस मोह प्रेम को स्थाई रख पायेगी .................??
अब मन बहलाने के लिए जैसे ही गाडी में टेप चालु कीया, गीत बजने लगा, "तालरीयां-मगरीयां रे ..... मोरू बाई ल्यारे रिया ........आयो रे धोरों वाळों देश .......
अब चित्रपट चल रहा था, और दृश्य बदलते जा रहे थे !
.
- 🖋 दीप सिंह दूदवा



महात्मा गांधी: पुण्यतिथि पर शत् शत् नमन |

महात्मा गांधी : अहिंसा के पूजारी, राष्ट्रपिता व भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अगुवा | महात्मा गांधी द्वारा अपनी पत्नी कस्तूरबा को लिखे एक ...